बांदा, 14 मई।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के डीसीएम से टकरा जाने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य के लिए पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम को कटर और क्रेन की मदद लेनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार कोतवाली देहात क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर एक खाली गैस सिलेंडरों से भरी डीसीएम के पीछे से स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
बताया गया कि स्कॉर्पियो में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें एक पुरुष, चार महिलाएं और एक बच्ची शामिल थी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी और कटर व क्रेन की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का निरीक्षण किया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि स्कॉर्पियो चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर डीसीएम से टकरा गया। मृतक सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं और उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।














