उत्तरकाशी, 13 मई।
जनपद के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में एसडीआरएफ की टीम ने रात्रि के समय सर्च अभियान चलाकर जंगल में लापता व्यक्ति को सुरक्षित बरामद कर लिया। जंगल में बेहोशी की हालत में मिले व्यक्ति को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद सुरक्षित रूप से परिजनों के हवाले कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार 12 मई की रात थाना धरासू से एसडीआरएफ पोस्ट चिन्यालीसौड़ को सूचना प्राप्त हुई कि मड़गांव निवासी 50 वर्षीय विशन सिंह बर्थवाल सुबह की तरह बकरियां चराने जंगल गए थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा खोजबीन किए जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम अपर उपनिरीक्षक आशिक अली के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर रवाना हुई। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से दुर्गम वन क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
घने अंधेरे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीम ने अलग-अलग समूह बनाकर संभावित स्थानों पर सघन खोज अभियान चलाया। इसी दौरान जंगल के भीतर विशन सिंह बर्थवाल बेहोशी की अवस्था में मिले। एसडीआरएफ जवानों ने तुरंत प्राथमिक उपचार देकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और परिजनों को सौंप दिया।
पूछताछ में सामने आया कि जंगल में अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण वह बेहोश हो गए थे, जिसके चलते वे घर वापस नहीं लौट सके। रात्रिकालीन त्वरित रेस्क्यू अभियान और सफल खोजबीन पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।



.jpg)


.jpg)


.jpg)


