अपराध
12 May, 2026

24 घंटे में अपहरण कांड का खुलासा

रायगढ़ पुलिस ने युवक के अपहरण मामले में 24 घंटे के भीतर कार्रवाई कर झारखंड से तीन आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए युवक को सकुशल बरामद किया।

रायगढ़, 12 मई।

लैलूंगा पुलिस ने युवक के अपहरण के मामले का पर्दाफाश करते हुए 24 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने झारखंड से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। घटना में उपयोग किए गए दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 11 मई को मुड़ागांव रामनाथपुर निवासी शिवप्रसाद बंजारा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके 26 वर्षीय पुत्र रवि नारायण बंजारा का तीन युवकों ने जबरन अपहरण कर लिया है। शिकायत में बताया गया कि झारखंड से आए युवक दो स्कॉर्पियो वाहनों में पहुंचे थे और रवि को अपने साथ ले गए। रवि पहले धान खरीद-बिक्री के कारोबार में झारखंड निवासी पवन साहू के संपर्क में था।

रिपोर्ट के मुताबिक 10 मई की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पवन साहू अपने साथियों विष्णु साहू और नरेश उर्फ नरेंद्र साहू के साथ रवि के घर पहुंचा था। उस दौरान घर में रवि और उसकी मां मौजूद थे। आरोप है कि तीनों घर के भीतर घुस गए और 12 लाख रुपये बकाया होने की बात कहकर रवि के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ लेकर चले गए।

घटना सामने आते ही लैलूंगा थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई और तत्काल झारखंड के रांची में दबिश दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रवि नारायण बंजारा को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपित पवन साहू, विष्णु साहू तथा नरेंद्र साहू को पकड़कर रायगढ़ लाया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपितों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। जांच में उपयोग किए गए दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है। शुरुआती पड़ताल में अपहृत युवक और आरोपितों के बीच व्यापारिक लेन-देन से जुड़ा विवाद सामने आया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ लैलूंगा थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें मंगलवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान झारखंड के बोकोंदा निवासी पवन साहू, विष्णु साहू और डिम्बा निवासी नरेंद्र साहू के रूप में हुई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़