मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय महिला के साथ बंधक बनाकर दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने ढकोरा गांव के एक युवक पर बहला-फुसलाकर भोपाल ले जाकर कई दिनों तक बंधक बनाकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार आरोपी रामबाबू पुत्र रंगलाल दांगी उसे 22 अप्रैल को यह कहकर अपने साथ ले गया था कि वह उसे उसके मामा से मिलवाएगा। इसके बाद उसे भोपाल में एक किराए के कमरे में कैद कर लिया गया, जहां उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
बताया गया कि करीब दस दिन तक उसे बंधक बनाकर रखने के बाद आरोपी ने उसे वापस गांव छोड़ दिया और किसी को कुछ बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता विवाहित है और उसके एक छह वर्षीय बच्चे का भी उल्लेख सामने आया है। उसका पति खेती-किसानी का कार्य करता है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।



.jpg)




.jpg)



