बलिया, 12 मई।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के नगपुरा पश्चिम टोला में मंगलवार को मारपीट के एक आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने के प्रयास में हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। इस दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाए, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं और एक सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े दस बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि धर्मेंद्र नामक युवक के साथ मारपीट कर उसे सड़क किनारे छोड़ दिया गया है। इस घटना में मारपीट करने वाले मिंटू नामक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर आरोपी को अपने वाहन में बैठा लिया।
इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण, जिनमें महिलाएं और पुरुष शामिल थे, मौके पर एकत्र हो गए और पकड़े गए युवक को छोड़ने की मांग करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, इसी दौरान और पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।
पुलिस द्वारा आरोपी को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के प्रयास के बाद भीड़ अचानक उग्र हो गई और ईंट-पत्थर फेंकने लगी। इस पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं, जबकि एक सरकारी वाहन का पिछला शीशा टूट गया।
अधिकारियों के अनुसार स्थिति को सूझबूझ से नियंत्रित कर लिया गया और आरोपी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और माहौल पूरी तरह नियंत्रण में बताया जा रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



.jpg)




.jpg)



