उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को आर्थिक तंगी और उधारी के दबाव से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार बरेली निवासी मो. आसिफ ने पीरनपुर मोहल्ले में अपने आवास पर आत्महत्या की। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो फेसबुक पर अपलोड किया और डायरी में सुसाइड नोट भी लिखा। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिली डायरी में मृतक ने दो व्यक्तियों पर उधारी को लेकर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। सुसाइड नोट में फैयाज हुसैन और शानू नामक लोगों का उल्लेख किया गया है।
बताया गया कि मृतक लंबे समय से आर्थिक संकट और कर्ज के दबाव में था, जिससे वह मानसिक तनाव में चल रहा था। साथ ही उसकी पत्नी गंभीर बीमारी से पीड़ित है और इलाज के लिए मुंबई में है, जिससे उसकी परेशानियां और बढ़ गई थीं।
पुलिस ने सुसाइड नोट और सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो को जांच में शामिल कर लिया है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।



.jpg)




.jpg)



