शिमला, 12 मई।
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी में बार-बार शामिल रहने वाले एक आदतन चिट्टा तस्कर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत हिरासत में लेकर कंडा जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि यह कदम नशा तस्करों की दोबारा गतिविधियों पर रोक लगाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय कुलदीप ठाकुर उर्फ मोनू, जो वर्तमान में शिमला के लोअर विकासनगर में रह रहा था, लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। उसके खिलाफ धारा 3(1) पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई, जिसे सरकार की मंजूरी के बाद लागू किया गया।
पुलिस ने आदेशों के तहत आरोपी को हिरासत में लेकर सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं और बाद में उसे कंडा स्थित आदर्श कारागार में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
जांच में सामने आया है कि कुलदीप ठाकुर के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2023 में उसके पास से 14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इसके बाद वर्ष 2025 में अलग-अलग मामलों में उससे चिट्टा, हेरोइन और नकदी बरामद की गई थी, जिसमें ढाई लाख रुपये तक की रकम भी शामिल रही। लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते उस पर कई बार कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लगातार नशा तस्करी में लिप्त था और उसकी पुनरावृत्ति को देखते हुए कठोर कदम उठाना आवश्यक हो गया था।
जिला शिमला पुलिस के अनुसार अब तक 39 आरोपियों के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है, जिससे नशा तस्करी पर सख्त नियंत्रण का प्रयास जारी है।



.jpg)




.jpg)



