छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को चलाए गए सर्च ऑपरेशन में नक्सली डंप से लगभग एक करोड़ एक लाख चौसठ हजार रुपये की नकदी के साथ भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
यह कार्रवाई ‘माड़ बचाओ अभियान’ के तहत नारायणपुर पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड, विशेष कार्य बल, आईटीबीपी और बीएसएफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई। लगातार चल रहे सर्च और एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान अबूझमाड़ और महाराष्ट्र सीमा से लगे जंगलों में यह डंप बरामद हुआ।
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई नकदी और नक्सली सामग्री बरामद की गई है। इसमें हथियारों के साथ-साथ विस्फोटक सामग्री, आईईडी निर्माण में उपयोग होने वाला सामान और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी शामिल हैं। कुछ नक्सली पोस्टर भी बरामद किए गए हैं, जो संगठन के नेताओं से जुड़े बताए जा रहे हैं। इतनी बड़ी नकदी के स्रोत की जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में कुल 270 हथियार बरामद किए जा चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल या आसपास किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें, ताकि क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाया जा सके।
बरामद सामग्री में विभिन्न प्रकार की राइफलें, मैगजीन, जिंदा कारतूस, बीजीएल सेल, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, वायरलेस सेट, रेडियो उपकरण, विस्फोटक पाउडर और अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री शामिल है।



.jpg)




.jpg)



