सारण, 12 मई।
महिलाओं और बच्चों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे ‘आवाज दो’ अभियान के तहत सारण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा केंद्रों पर छापेमारी कर 19 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान कमजोर वर्गों की सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों के तहत चलाया गया। टीम में एएचटीयू प्रभारी विशाल आनंद, महिला थाना प्रभारी नेहा कुमारी के अलावा मिशन मुक्ति फाउंडेशन और रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली के प्रतिनिधि भी शामिल रहे।
विशेष टीम ने परसा, भेल्दी, मढ़ौरा और दरियापुर थाना क्षेत्रों में स्थित आर्केस्ट्रा स्थलों पर एक साथ घेराबंदी कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई के दौरान उन नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया, जिन्हें कथित तौर पर प्रताड़ित कर जबरन नृत्य कार्य में लगाया जा रहा था।
मुक्त कराई गई लड़कियों में पश्चिम बंगाल की छह, छत्तीसगढ़ की पांच, गुवाहाटी की चार, बिहार की दो, उत्तर प्रदेश की एक और कोलकाता की एक किशोरी शामिल है। पुलिस के अनुसार सभी को जबरन आर्केस्ट्रा में काम कराया जा रहा था।
इस मामले में पुलिस ने शैलेश राय, पंच लाल, आलोक कुमार और नामता डेकर को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के खिलाफ महिला थाना में बीएनएस, पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बंधुआ मजदूर अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं महिलाओं या बच्चों के शोषण की जानकारी मिले तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।








.jpg)


