शहडोल, 08 जुलाई।
शहडोल कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित महंगे शौक पूरे करने और आरामदायक जीवन जीने के लिए बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। बुधवार को सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने संदिग्धों पर निगरानी शुरू की और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर छह युवकों को पकड़ा।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने कई बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पुलिस अब गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और क्षेत्र में इनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में सुनील वर्मा (26) निवासी कोटमा, मोहम्मद अहमद (38) निवासी कल्याणपुर, शुभम सरवारी उर्फ पापे (26) निवासी सौखी मोहल्ला, सुधीर केवट उर्फ छोटू (32) निवासी जमुई, सागर जायसवाल उर्फ शिवम जायसवाल (24) निवासी जमुई और विजय जायसवाल (31) निवासी जमुई शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपित सुनसान जगहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर खड़ी बाइक को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद वाहनों को छिपाकर रखा जाता था और बाद में उन्हें बेच दिया जाता था या उपयोग में लाया जाता था। बरामद वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाइक उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपी जा सके।
















