हमीरपुर, 13 मई।
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के धुंधपुर गांव में बुधवार सुबह एक महिला पर गोली चलाने की घटना सामने आई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार धुंधपुर गांव निवासी 37 वर्षीय सरस्वती पत्नी कमल निषाद सुबह करीब 5:30 बजे पशु बाड़े में जानवरों को चारा डालने गई थीं। इसी दौरान गांव का 56 वर्षीय अर्जुन वहां पहुंचा और महिला के साथ अभद्रता करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपित ने तमंचे से फायर कर दिया।
गोली महिला के बाएं कंधे को चीरते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल अवस्था में महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपित को पकड़ लिया और शोर मचाने लगी। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
लोगों को आता देख आरोपित पास के एक कमरे में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। सूचना मिलने पर सुमेरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर आरोपित अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया।
घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के कारण उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि महिला पर गोली चलाने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़िता की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







.jpg)


.jpg)
