पटना, 13 मई।
बिहार की राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वांछित अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अन्य आरोपी ने मौके पर आत्मसमर्पण कर दिया। घायल दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार कड़ी निगरानी में जारी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने जानकारी दी कि पूछताछ के दौरान पकड़े गए तीनों आरोपियों ने एक पूर्व हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी। साथ ही उन्होंने यह भी खुलासा किया कि आगामी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए हथियार बिहटा थाना क्षेत्र में एक स्थान पर छिपाकर रखे गए हैं।
इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों की निशानदेही पर बताए गए स्थान पर पहुंची, तभी छिपाए गए हथियार से पुलिस बल पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई। इस स्थिति में पुलिस ने संयम और सतर्कता के साथ आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस की कार्रवाई में दो अपराधियों अवधेश उर्फ विदेशिया और पप्पू राय के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी दीपक कुमार ने मौके पर ही आत्मसमर्पण कर दिया। घायल दोनों आरोपियों को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर तुरंत अस्पताल भेजा गया।
अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।








.jpg)


.jpg)
