किशनगंज, 13 मई।
बिहार के किशनगंज जिले में ठाकुरगंज प्रखंड के जियापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत मालिनगांव पंचायत के गिलहारी गांव स्थित एमएस निहार ब्रिक्स ईंट भट्ठा पर अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के भंडारण के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 62 सिलेंडर जब्त किए हैं।
इस मामले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुमित कुमार के आवेदन पर जियापोखर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिलाधिकारी विशाल राज के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से ईंट भट्ठा परिसर में छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर बरामद हुए।
छापेमारी के दौरान कुल 62 सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 54 घरेलू गैस सिलेंडर, 8 कॉमर्शियल सिलेंडर तथा कुछ छोटे सिलेंडर शामिल हैं। मौके पर मौजूद कर्मियों से इन सिलेंडरों से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
इसके बाद सभी सिलेंडरों को सूचीबद्ध कर पुलिस बल की सहायता से ट्रक में लादकर पौआखाली स्थित गैस गोदाम भेज दिया गया। कार्रवाई के समय ईंट भट्ठा मालिक एकरामुल हक मौके पर मौजूद नहीं थे।
आवेदन में कहा गया है कि बिना वैध लाइसेंस के इतनी बड़ी मात्रा में घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों का भंडारण द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 का उल्लंघन है। इस आधार पर भट्ठा मालिक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
जियापोखर थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में थाना कांड संख्या 32/26 अंकित किया गया है। पुलिस आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।
थानाध्यक्ष के अनुसार जब्त सिलेंडरों में 49 खाली घरेलू सिलेंडर, 5 भरे घरेलू सिलेंडर तथा 8 छोटे भरे कॉमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। प्रशासन को सूचना मिली थी कि ईंट भट्ठा में अवैध भंडारण किया जा रहा है, जिसके बाद संयुक्त छापेमारी की गई।
इस कार्रवाई में एसडीओ अनिकेत कुमार, खनिज विकास पदाधिकारी प्रणव कुमार प्रभाकर, डीएसपी, इंस्पेक्टर, राजस्व अधिकारी राहुल कुमार, श्रम विभाग के अधिकारी तथा दोनों थानों की पुलिस टीम शामिल रही।






.jpg)


.jpg)


