अपराध
13 May, 2026

बरेली मुठभेड़ में अपहरण कांड का वांछित बदमाश गिरफ्तार, सिपाही भी घायल

बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में अपहरण कांड में वांछित बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार हुआ, फायरिंग में एक सिपाही भी घायल हो गया और एक आरोपी फरार है।

बरेली, 13 मई।

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में अपहरण कांड में वांछित एक बदमाश को पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस टीम का एक सिपाही भी घायल हो गया। इस दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है तथा फरार आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 12 मई की रात इज्जतनगर थाना पुलिस कलापुर पुलिया पीलीभीत रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन दोनों पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा किए जाने पर आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें कांस्टेबल नीशू तिवारी घायल हो गए।

इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपित विमल पुत्र विनोद कुमार, निवासी रिछौला थाना नवाबगंज के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी मौके से भागने में सफल रहा।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित इज्जतनगर थाने में दर्ज फिरौती के लिए अपहरण के मामले में वांछित था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों उमाशंकर, आकाश और हरनेश के साथ मिलकर नौ मई को फन सिटी के आगे से एक युवक का अपहरण किया था। इस मामले में उसका साथी उमाशंकर पहले ही पुलिस गिरफ्त में आ चुका है।

पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, चोरी की टीवीएस अपाचे बाइक और 250 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। घायल बदमाश और घायल सिपाही दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई की गई और अब फरार साथी की तलाश तेज कर दी गई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़