भोपाल, 11 मई।
राजधानी भोपाल के पुल पातरा स्थित टिंबर मार्केट में रविवार दोपहर एक बार फिर आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। लकड़ी की एक दुकान में लगी आग के दौरान टीन शेड में करंट फैलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब ढाई बजे टिंबर मार्केट के एक टीन शेड से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप लेते हुए पूरे शेड को अपनी चपेट में ले लिया। मौके से गुजर रहे एक व्यक्ति ने तत्काल नगर निगम के फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के साथ ही टीन शेड में करंट फैल गया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर बिजली कंपनी की टीम भी मौके पर पहुंची और तत्काल बिजली सप्लाई बंद कर हालात को नियंत्रित किया गया।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जिस शेड में आग लगी, वहां दुकान स्थानांतरित करने का काम चल रहा था। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। आग की चपेट में आने से बड़ी मात्रा में लकड़ी और अन्य सामान जल गया, हालांकि नुकसान का आकलन अभी नहीं किया जा सका है।
फायर अधिकारियों के अनुसार सूचना मिलते ही दमकल वाहनों को रवाना कर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
गौरतलब है कि पुल पातरा स्थित टिंबर मार्केट को मेट्रो परियोजना के तहत हटाने की प्रक्रिया चल रही है। क्षेत्र में निर्माण कार्य के लिए बैरिकेडिंग की जा चुकी है और कुछ दुकानदारों ने दुकानें खाली कर दी हैं, हालांकि कई दुकानें अब भी संचालित हो रही हैं।





.jpg)






