बुलंदशहर, 11 मई।
जनपद बुलंदशहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित कचहरी परिसर में सोमवार को चैंबर कब्जे को लेकर अधिवक्ताओं के दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। इस घटना में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अधिवक्ता पिता और उनके एक सहयोगी को गोली लगने से गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार कचहरी परिसर के एन ब्लॉक के सामने स्थित चैंबर नंबर 272 अधिवक्ता इमामुद्दीन को बार एसोसिएशन द्वारा विधिवत रूप से आवंटित किया गया था। आरोप है कि सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे अधिवक्ता पवन, सलेखचंद और उनके साथियों ने उस चैंबर का ताला तोड़कर उस पर कब्जा करने का प्रयास किया।
इसी दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान के अधिवक्ता पिता इमामुद्दीन और उनके रिश्तेदार रहुफ खान मौके पर पहुंचे और कब्जे का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विरोध कर रहे पक्ष पर लाइसेंसी हथियार से फायरिंग कर दी गई।

इस गोलीबारी में इमामुद्दीन और रहुफ खान घायल हो गए। घटना के बाद कचहरी परिसर में दहशत फैल गई और वकीलों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौजूद अधिवक्ताओं से बातचीत कर जानकारी जुटाई। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाएगी तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
एसएसपी ने यह भी कहा कि घायलों और उनके परिजनों को आश्वस्त किया गया है कि घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।












