कोलकाता, 11 मई।
उत्तर 24 परगना जिले के जगदल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भाटपाड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर 35 स्थित विवेकपल्ली इलाके में रविवार को एक परित्यक्त मकान से तीन ताजा बम बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों में भय का माहौल बन गया।
स्थानीय निवासी संजय पंडित ने बताया कि सुबह जब वह अपने खेत की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें एक बंद पड़े मकान के पास एक थैला दिखाई दिया। संदिग्ध वस्तु नजर आने पर उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने मकान के भीतर संदिग्ध सामग्री देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भाटपाड़ा थाना पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची तथा पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। आसपास के लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने तीनों ताजा बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की। साथ ही पुलिस ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान भी चलाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस मकान से बम मिले हैं वह लंबे समय से बंद पड़ा था। अचानक विस्फोटक सामग्री मिलने से क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है तथा लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, बम किसी आपराधिक या असामाजिक गतिविधि के लिए वहां छिपाकर रखे गए हो सकते हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन्हें वहां किसने रखा और इसके पीछे क्या उद्देश्य था।
घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।












