भोपाल, 11 मई।
राजधानी भोपाल में बढ़ती चाकूबाजी, लूट और छीनाझपटी जैसी घटनाओं पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने शहरभर में सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और आउटर इलाकों में देर रात तक सख्ती के साथ जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच की और आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की। बेवजह घूमते मिले लोगों से पूछताछ की गई, वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई भी की गई। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर विशेष चेकिंग प्वाइंट बनाकर हेलमेट, वाहन दस्तावेज और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बीते दिनों शहर में चाकूबाजी और छीनाझपटी की घटनाओं में वृद्धि दर्ज की गई है। ऐसे में अपराधियों पर नकेल कसने और नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान शुरू किया गया है।
थाना गौतम नगर सहित कई थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों की निगरानी में पुलिस बल ने सघन जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। शहर में पुलिस की बढ़ी सक्रियता से अपराधियों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है।












