भोपाल, 16 मई।
राजधानी भोपाल के पुराने शहर स्थित लक्ष्मी टॉकीज क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अचानक लगी आग से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग सराय परिसर में खड़े फल और सब्जी के ठेलों में भड़क उठी, जिसने कुछ ही क्षणों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। ऊंची लपटें उठती देख स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए।
लक्ष्मी टॉकीज के पास जिस सराय परिसर में यह घटना हुई, वहीं विधायक आतिफ अकील का निवास भी स्थित है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया। दमकल के पहुंचने से पहले ही आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिशें शुरू कर दी थीं।
आग की चपेट में आने से सराय में खड़े कई फल-फ्रूट के ठेले पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। इस दौरान ठेलों में लगे टायर फटने से स्थिति और भयावह हो गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ठेलों को बाहर निकालने का प्रयास किया, जिसमें कुछ लोगों के हाथ झुलस गए।
घटनास्थल के आसपास खड़े वाहनों को भी बड़े नुकसान की आशंका के चलते तुरंत सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। बाद में दमकल दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। आग की घटना के बाद पूरे पुराने शहर क्षेत्र में देर रात तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जबकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।














.jpg)
.jpg)