सीवान, 08 अप्रैल 2026।
जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के परीक्षण के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार 7 अप्रैल 2026 की शाम करीब 3:45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र निवासी पवन कुमार गोली लगने से घायल अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर लाया गया है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल सीवान रेफर किया गया।
प्रारंभिक जांच के दौरान घायल के साथी दीपक कुमार के बार-बार बदलते बयान से पुलिस को संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह और उसका साथी रंजन कुमार भगवानपुर में पिस्टल खरीदने आए थे। इसी दौरान बहिउरा चंवर में हथियार की जांच करते समय अचानक गोली चल गई, जो पवन कुमार के पेट में जा लगी।
घटना के बाद आरोपितों ने सच्चाई छिपाने के लिए लूट की झूठी कहानी बनाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दीपक कुमार और रंजन कुमार को घटना में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के सरैया रतनाकर निवासी भोला प्रसाद का पुत्र दीपक कुमार तथा सीवान जिले के भगवानपुर हाट निवासी कन्हैया मांझी का पुत्र रंजन कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा, दो कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस संबंध में भगवानपुर हाट थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।













