मुंबई 08 मई।
जैकी श्रॉफ एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपने अनोखे और मनोरंजक अंदाज से दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो: एलियंस का आगमन’ की रिलीज तारीख की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। फिल्म से जुड़ा नया पोस्टर जारी करते हुए बताया गया है कि यह फिल्म 29 मई को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। मनीष सैनी के लेखन और निर्देशन में बनी यह फिल्म बचपन की मासूम कल्पनाओं, सुपरहीरो की दुनिया और हास्य से भरपूर मनोरंजन का संगम पेश करेगी।
जारी किए गए नए पोस्टर में जैकी श्रॉफ एक हाथ में पौधा थामे हुए दिखाई दे रहे हैं, वहीं पीछे एक विशालकाय सुपरहीरो की छवि नजर आती है। पोस्टर के साथ साझा किए गए संदेश में फिल्म के मजेदार अंदाज को दर्शाते हुए विशेष टैगलाइन भी दी गई है। यह पोस्टर संकेत देता है कि फिल्म में पारिवारिक मनोरंजन के साथ फैंटेसी और कॉमेडी का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा। टीजर जारी होने के बाद से ही फिल्म को लेकर बच्चों और पारिवारिक दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बनी हुई है।
‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो: एलियंस का आगमन’ में जैकी श्रॉफ के साथ प्रतीक बब्बर, भाग्यश्री, शरत सक्सेना, कुमार सौरभ और मिहिर गोडबोले जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी एक अनोखे और रोचक विषय को केंद्र में रखकर आगे बढ़ती है, जो दर्शकों को एक अलग दुनिया का अनुभव कराएगी।



.jpg)








