अररिया, 30 अप्रैल।
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एसएसबी की 56वीं वाहिनी की एफ समवाय फुलकाहा बाह्य सीमा चौकी की विशेष गश्ती टीम ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है।
कार्रवाई के दौरान नेपाल से तस्करी कर भारत लाए जा रहे 330 बोतल नेपाली शराब और विभिन्न ब्रांडों की 85 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। साथ ही मौके से दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।
गश्ती दल की कार्रवाई मानिकपुर यादव टोला स्थित भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 188/3 के पास भारतीय क्षेत्र में लगभग 60 मीटर भीतर की गई।
तस्कर सुरक्षा बल के जवानों को देखकर दोनों बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए नेपाल सीमा की ओर फरार हो गए।
बरामद नेपाली शराब की मात्रा लगभग 99 लीटर तथा विदेशी शराब करीब 29 लीटर बताई गई है, जिसे नेपाल से भारत लाया जा रहा था।
सशस्त्र सीमा बल द्वारा आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद जब्त शराब और दोनों बाइक आबकारी विभाग को सुपुर्द कर दी गई हैं।





.jpg)





