मध्य प्रदेश
17 Apr, 2026

सिंगरौली बैंक डकैती: पांच हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम

सिंगरौली में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में दिनदहाड़े पांच हथियारबंद बदमाशों द्वारा डकैती की घटना को अंजाम दिया गया, जिसमें लाखों रुपये की नकदी लूट ली गई। इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

सिंगरौली, 17 अप्रैल।

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े एक बड़ी डकैती की वारदात सामने आई, जब बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बैढ़न शाखा में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपये और कीमती सामान लूट लिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के अनुसार यह वारदात करीब 1 बजे के आसपास हुई। प्रारंभ में दो आरोपी बैंक परिसर में दाखिल हुए और हथियार दिखाकर कर्मचारियों व ग्राहकों को नियंत्रण में ले लिया। इसके बाद कुछ ही देर में तीन अन्य साथी भी अंदर पहुंच गए और पूरी शाखा को अपने कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने सभी को बंदूक की नोक पर बैठा दिया, जिससे बैंक में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। यह पूरी घटना लगभग 15 से 20 मिनट तक चली।

लूट के दौरान बदमाशों ने बैंक मैनेजर से कैश और चाबियों की जानकारी मांगी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और बंदूक की बट से हमला किया गया। इसके बाद आरोपी कैश काउंटर और एक पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि लगभग 14.50 लाख रुपये पूर्व से रखे थे, जबकि बाकी राशि उस दिन का कलेक्शन थी। इसके अलावा सोने-चांदी की भी लूट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि कुल नुकसान का आकलन अभी स्पष्ट नहीं है।

घटना के समय बैंक में सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि बाकी चार के चेहरे खुले हुए थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी मनीष खत्री ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पांच बदमाशों ने मिलकर डकैती को अंजाम दिया और स्टाफ को बंधक बनाकर नकदी और अन्य सामान लूट लिया। घटना के बाद सभी आरोपी बाइक से फरार हो गए। जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सभी एग्जिट पॉइंट्स पर नाकाबंदी की गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

यह वारदात बैंक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है, खासकर गार्ड की अनुपस्थिति और बदमाशों के आसानी से फरार होने को लेकर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

24° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़