भोपाल, 29 अप्रैल
दतिया पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मूर्ति चोर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जैन धर्म के प्रमुख तीर्थस्थल सोनागिर जैन मंदिर में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये मूल्य की चांदी की मूर्ति सहित अन्य कीमती धार्मिक सामग्री भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार 4 और 5 अप्रैल की मध्यरात्रि में सोनागिर पहाड़ी स्थित प्रसिद्ध जैन मंदिर से भगवान की चांदी की मूर्ति, चांदी का सिंहासन, यंत्र एवं अन्य सामग्री चोरी हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल जांच शुरू की।
मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें थाना स्तर के अधिकारी, तकनीकी शाखा और साइबर सेल को शामिल किया गया। लगातार तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और निगरानी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। चोरी गया पूरा माल भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक अंतरराज्यीय शातिर मूर्ति चोर शामिल है, जिस पर बीस-बीस हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह आरोपी देश के कई हिस्सों में सौ से अधिक मूर्ति चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। साथ ही उसके दो स्थानीय सहयोगियों को भी पकड़ा गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।









.jpg)

