भोपाल, 14 मई।
भोपाल स्थित राज्य शूटिंग अकादमी में आयोजित 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 के दौरान 50 मीटर राइफल तीन पोजिशन महिला स्पर्धा में मध्यप्रदेश की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर की महिला निशानेबाजों ने भाग लेकर उच्च स्तरीय कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की युवा खिलाड़ियों ने अपनी सटीक निशानेबाजी, अनुशासन और आत्मविश्वास से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस स्पर्धा में प्रथा राठौड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए युवा वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि जूनियर वर्ग में रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं सीनियर वर्ग में उन्होंने छठा स्थान प्राप्त किया। उनके प्रदर्शन में तकनीकी दक्षता और मानसिक मजबूती स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इसी तरह प्रार्थना सेन ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए युवा वर्ग में रजत पदक अर्जित किया। इसके अलावा जूनियर वर्ग में उन्होंने पाँचवां स्थान प्राप्त कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों, सेना, रेलवे और अन्य संस्थानों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक बन गया। इस आयोजन को खिलाड़ियों के लिए बड़े मंच की तैयारी और खेल कौशल को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
राज्य शूटिंग अकादमी लगातार आधुनिक प्रशिक्षण और वैज्ञानिक कोचिंग के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रही है।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और विश्वास जताया कि प्रदेश के खिलाड़ी आगे भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।




.jpg)




.jpg)


