नई दिल्ली, 06 जून।
राजधानी के त्यागराज स्टेडियम में शनिवार को आयोजित ‘विकसित भारत के लिए युवा - मेरा भारत युवा सम्मेलन’ में युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस भव्य आयोजन में देशभर से जुटे 6,000 से अधिक युवाओं के बीच केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और युवा मामलों की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इसे भारत की युवा शक्ति का महाकुंभ बताया। उन्होंने कहा कि खेल, उद्यमिता, कला, तकनीक और यूपीएससी जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में परचम लहराने वाले प्रतिभाशाली युवाओं का एक मंच पर होना यह दर्शाता है कि भारत की प्रतिभा असीमित है। उन्होंने इसे ‘तारे जमीन पर’ जैसा अद्भुत समागम करार देते हुए कहा कि यह आयोजन देश के भविष्य की तस्वीर पेश करता है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया की इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरा भारत युवा सम्मेलन’ न केवल युवाओं का सम्मान करने का जरिया है, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए एक नई दिशा प्रदान कर रहा है। उन्होंने जोर दिया कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में गिना जाता है और हमारी असली ताकत युवा आबादी की रचनात्मकता, साहस और दूरदर्शिता में निहित है।
युवाओं को विकसित भारत के सपने से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 तक राष्ट्र को विकसित बनाने के लक्ष्य में युवा शक्ति ही मुख्य आधार है। उन्होंने आह्वान किया कि देश के लिए जीने और हर क्षेत्र में अपना योगदान देने का संकल्प ही सफलता की कुंजी है। यदि हर युवा एक सकारात्मक कदम उठाएगा, तो 140 करोड़ भारतीयों का यह देश तेजी से प्रगति की ओर अग्रसर होगा।








