छत्तीसगढ़
06 Jun, 2026

शिक्षा ही विकास की सबसे बड़ी पूंजी, धीवर समाज के कार्यक्रम में मेधावियों का हुआ सम्मान

धमतरी में धीवर समाज द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बच्चों की शिक्षा को समाज के विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण निवेश बताया।

धमतरी, 06 जून।

शिक्षा को समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे सशक्त पूंजी बताते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अभिभावकों से अपील की कि वे भौतिक संपत्तियों के बजाय बच्चों की शिक्षा में निवेश को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

धमतरी में छत्तीसगढ़ धीवर समाज महासभा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान एवं कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र देते हुए कहा कि शिक्षा ही उन्नति का एकमात्र मार्ग है।

उन्होंने समाज के सफल व्यक्तियों से आह्वान किया कि वे युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनें और मेधावी छात्रों को प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों का भ्रमण कराएं ताकि उनके भीतर बड़े लक्ष्य हासिल करने की ललक पैदा हो।

कार्यक्रम के दौरान एसडीएम पीयूष तिवारी ने भी छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में असफलता से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प ही अंततः सफलता सुनिश्चित करते हैं।

इस सत्र में विद्यार्थियों को विषय चयन और करियर निर्माण से जुड़ी बारीकियां समझाई गईं। विशेषज्ञ वक्ताओं ने इंजीनियरिंग, मेडिकल, बैंकिंग और सीए जैसे क्षेत्रों में मौजूद अवसरों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में विशेष रूप से छात्रों को तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के टिप्स दिए गए। इस दौरान 85 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर नवाजा गया।

इसके साथ ही खेल के क्षेत्र में समाज का नाम रोशन करने वाली नेशनल कराते खिलाड़ियों—अंजली फूटान, रिया फूटान और संतोषी मत्स्यपाल को "धीवर समाज गौरव सम्मान" से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति सम्मान से अलंकृत कार्तिकराम हिरवानी का भी विशेष अभिनंदन किया गया।

इस आयोजन में समाज के अनेक प्रबुद्धजनों और पदाधिकारियों ने शिरकत की। कार्यक्रम के माध्यम से न केवल नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाने का प्रयास किया गया, बल्कि समाज की प्रतिभाओं को एक मंच पर लाकर उनके हौसलों को और अधिक बुलंद किया गया। समारोह का संचालन ओमप्रकाश नाग व सोहनलाल धीवर ने किया, जबकि आभार विष्णु प्रसाद निषाद ने प्रकट किया।

|
आज का राशिफल

लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 36°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़