नई दिल्ली, 08 जून।
पश्चिम एशिया में गहराते संकट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण ग्लोबल मार्केट में आज भारी उथल-पुथल देखी जा रही है। अमेरिका से लेकर एशियाई बाजारों तक निवेश धारणा कमजोर बनी हुई है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।
बीते सत्र में वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांकों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। टेक्नोलॉजी स्टॉक्स में भारी बिकवाली का असर बाजार पर साफ नजर आया। डाउ जॉन्स 695.15 अंक गिरकर 50,866.78 पर, एस एंड पी 500 इंडेक्स 200.57 अंक फिसलकर 7,383.74 पर और नैस्डेक 1,121.53 अंक की भारी गिरावट के साथ 25,709.43 के स्तर पर बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में भी आज 0.13 प्रतिशत की सुस्ती देखी जा रही है।
यूरोपीय बाजारों का हाल भी दबाव वाला रहा। दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद सत्र का अंत मिले-जुले परिणामों के साथ हुआ। एफटीएसई 0.07 प्रतिशत बढ़कर 10,368.05 पर बंद हुआ, वहीं सीएसी 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,218.24 पर और डीएएक्स इंडेक्स 185.90 अंक लुढ़ककर 24,759.05 के स्तर पर आ गया।
एशियाई बाजार में आज बिकवाली का जोर है। नौ में से आठ प्रमुख सूचकांक लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 119.50 अंक की बढ़त के साथ 23,217 पर है, जो एकमात्र अपवाद है। स्ट्रेट्स टाइम्स 1.43 प्रतिशत, सेट कंपोजिट 0.71 प्रतिशत, कोस्पी 4.55 प्रतिशत, निक्केई 3.62 प्रतिशत, ताइवान वेटेड 3.22 प्रतिशत, जकार्ता कंपोजिट 2.55 प्रतिशत और हैंग सेंग 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। केवल शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 1.26 प्रतिशत की मजबूती देखी जा रही है।









