मुंबई।
यश राज फिल्म्स (वाईआरएफ) के स्पाई यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'अल्फा' का टीज़र कल यानी 10 जून को रिलीज किया जा रहा है। इस फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। 'अल्फा' स्पाई यूनिवर्स की पहली ऐसी फिल्म है, जिसकी कहानी एक महिला असैसिन (हत्यारे) की ओरिजिन स्टोरी पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन 'द रेलवे मेन' के लिए चर्चा में रहे शिव रवैल ने किया है।
टीज़र के साथ ही फिल्म का एक भव्य मार्केटिंग और प्रमोशनल अभियान भी शुरू होगा। सूत्रों की मानें तो आदित्य चोपड़ा की टीम ने इसके लिए एक बहुस्तरीय रणनीति तैयार की है, जिसका मुख्य केंद्र 'अल्फा' की सोच और उससे जुड़ा रवैया होगा। यह अभियान केवल फिल्म के प्रचार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि डिजिटल कैंपेन और युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से आधुनिक भारत की आत्मविश्वासी युवा पीढ़ी को सेलिब्रेट करेगा।
प्रचार अभियान में मुख्य रूप से महिलाओं के सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता के संदेश को प्राथमिकता दी जाएगी। 'अल्फा' को एक ऐसे प्रतीक के रूप में स्थापित किया जा रहा है, जो सामाजिक बंधनों को चुनौती देने और अपनी किस्मत खुद लिखने की प्रेरणा देता है। मेगा बजट इस एक्शन थ्रिलर में आलिया और शरवरी के अलावा बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह फिल्म इस साल की सबसे चर्चित और बड़ी फिल्मों में शुमार की जा रही है।














