काठमांडू, 08 जून।
सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के प्रमुख रवि लामिछाने की ओर से आहूत की गई सर्वदलीय बैठक में विपक्षी दलों के शीर्ष चेहरों की दूरी चर्चा का विषय बनी हुई है।
भारत यात्रा से वापस लौटने के फौरन बाद लामिछाने ने देश के ताजा राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण बैठक बुलाई थी।
सिंहदरबार स्थित संघीय संसद सचिवालय के सार्वजनिक लेखा समिति कक्ष में यह बैठक चल रही है। इस अहम चर्चा में प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस के गगन थापा, यूएमएल अध्यक्ष केपी शर्मा ओली और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के अध्यक्ष पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' जैसे दिग्गज नेता शामिल नहीं हुए हैं।
बैठक में सत्ता पक्ष की ओर से कानून मंत्री सोविता गौतम, आरएसपी के महामंत्री कविन्द्र बुर्लाकोटी, विपिन आचार्य और सांसद दीपक बोहोरा मौजूद हैं। वहीं, विपक्षी खेमे से भीष्मराज, साहजना खातुन, ऐनबहादुर महर, माधव कुमार नेपाल, वर्षमान पुन, राजेंद्र लिंगदेन, खुश्बु ओली और महमुद खालिल जैसे अन्य नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक का मुख्य एजेंडा राष्ट्रीय मुद्दों पर मंथन करना है। साथ ही, रवि लामिछाने के द्वारा अपनी हालिया भारत यात्रा के अनुभवों और वहां हुई बातचीत के बारे में सभी दलों को औपचारिक रूप से जानकारी प्रदान की जाएगी।









