मैड्रिड, 08 जून।
रियल मैड्रिड के अध्यक्ष पद के चुनाव में फ्लोरेंटिनो पेरेज़ ने एक बार फिर शानदार जीत दर्ज करते हुए अगले चार वर्षों के लिए अपना कार्यकाल सुरक्षित कर लिया है। पिछले 20 वर्षों में यह पहला मौका था जब अध्यक्ष पद के लिए क्लब में वास्तविक चुनावी मुकाबला देखने को मिला। इससे पूर्व पेरेज़ कई बार निर्विरोध निर्वाचित होते रहे हैं।
क्लब के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पेरेज़ ने अपने प्रतिद्वंद्वी एनरिके रिकेल्मे को हराकर जीत हासिल की। पेरेज़ की इस जीत के साथ ही क्लब के गलियारों में पूर्व कोच जोस मोरिन्हो की वापसी की अटकलें भी तेज हो गई हैं, क्योंकि चुनाव प्रचार के दौरान भी उनका नाम चर्चा में रहा था।
समर्थकों को संबोधित करते हुए 79 वर्षीय पेरेज़ ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य रियल मैड्रिड को नई ऊंचाइयों पर ले जाना और क्लब की खिताबी झोली में अधिक से अधिक ट्रॉफी शामिल करना है। उनके पिछले कार्यकाल के दौरान रियल मैड्रिड ने 7 यूरोपीय कप सहित कुल 15 महाद्वीपीय खिताब जीते हैं, जो क्लब के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुए हैं। पेरेज़ वर्ष 2000 में पहली बार अध्यक्ष बने थे और 2009 में अपनी वापसी के बाद से वे लगातार क्लब का नेतृत्व कर रहे हैं।









