ढाका, 07 जून।
बांग्लादेश क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत हो गई है। टीम के पूर्व दिग्गज कप्तान तमीम इकबाल को सर्वसम्मति से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है। निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद 36 वर्षीय तमीम ने अगले चार वर्षों के लिए बोर्ड की कमान संभाल ली है।
ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में संपन्न हुए चुनाव में बोर्ड की नई परिषद का गठन किया गया, जिसमें 25 सदस्य शामिल हैं। पदभार ग्रहण करते ही तमीम ने स्पष्ट किया कि यह उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने बोर्ड प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुधार लाने का संकल्प लिया है।
तमीम ने अपने एजेंडे में सबसे महत्वपूर्ण स्थान आधुनिक हाई परफॉर्मेंस सेंटर (एचपीसी) की स्थापना को दिया है। उन्होंने बताया कि ढाका के निकट पूर्वाचल में एक विश्वस्तरीय प्रशिक्षण केंद्र बनाना उनका मुख्य सपना है, जिससे बांग्लादेशी खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकेंगी।
पूर्व कप्तान ने बांग्लादेश क्रिकेट की छवि सुधारने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बीते डेढ़ वर्षों में खिलाड़ियों और पूर्व दिग्गजों को जो सम्मान मिलना चाहिए था, उसमें कमी आई है, जिसे वह प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करेंगे। तमीम ने ईमानदारी के साथ बोर्ड का संचालन करने और गलतियों को समय रहते सुधारने का भरोसा दिलाया।
तमीम इकबाल का क्रिकेट करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 391 मैचों में 15,000 से अधिक रन बनाए हैं और कप्तान के रूप में कई ऐतिहासिक जीत दिलाई हैं। 2025 में अंतरराष्ट्रीय संन्यास और उसके बाद खेल से अनिवार्य दूरी बनने के बाद, अब उनकी प्रशासनिक पारी का आगाज हो चुका है, जिस पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं।









