मौसम
09 Jun, 2026

हिमाचल में भीषण गर्मी से बेहाल जनजीवन, 11 जून से मौसम में बड़े बदलाव के संकेत

हिमाचल प्रदेश में रातें भी अब भीषण गर्मी की चपेट में हैं और मौसम विभाग ने 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते बारिश व आंधी का अलर्ट जारी किया है।

शिमला, 09 जून।

हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर केवल दिन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब रातें भी तपिश और उमस भरी हो गई हैं। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान में लगातार वृद्धि देखी जा रही है, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे गर्मी से जूझना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई है।

गर्म रातों के चलते बिलासपुर, ऊना और सोलन जिलों के कुछ हिस्सों के लिए मौसम विभाग ने लू (हीटवेव) का येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। न्यूनतम तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो पांवटा साहिब में रात का तापमान 27 डिग्री, नेरी में 26.2 डिग्री और देहरा गोपीपुर में 26 डिग्री सेल्सियस के साथ रातें बेहद गर्म दर्ज की गईं।

इसके विपरीत, धर्मशाला, नाहन, कांगड़ा, चंबा और केलांग जैसे कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे भी रहा है। हालांकि, शिमला, मनाली, भुंतर, कल्पा, बिलासपुर, सुंदरनगर और ऊना जैसे प्रमुख स्थानों पर रातें अभी भी सामान्य से अधिक गर्म बनी हुई हैं, जो जनजीवन के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रही हैं।

राहत की बात यह है कि 11 जून से मौसम में बड़े बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग ने 11 और 12 जून के लिए एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की चेतावनी जारी की है। इन दो दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की आशंका है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके बाद 13 से 15 जून तक भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़