शिमला, 11 जून।
राजधानी के उपनगर संजौली में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। तांत्या पार्किंग क्षेत्र में हुए झगड़े के बाद पुलिस ने मौके से चार युवकों को हिरासत में लिया है। इन पर क्षेत्र का माहौल खराब करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, 10 जून को उन्हें सूचना मिली थी कि तांत्या पार्किंग में कुछ युवक अन्य लोगों के साथ मारपीट कर रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल का रुख किया और स्थिति को बिगड़ने से पहले ही संभाल लिया।
प्रारंभिक छानबीन में पुलिस ने पाया कि इन युवकों के झगड़े से इलाके में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की पूरी आशंका थी। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 170 के तहत निवारक कार्रवाई अमल में लाई है।
पुलिस ने चारों आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और उन्हें अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति भंग करने वालों पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी रहेगी।










