नोएडा, 11 जून।
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र स्थित लुहारली टोल प्लाजा पर दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया है। बुधवार देर रात एक दर्जन से अधिक गाड़ियों में सवार होकर आए उपद्रवियों ने टोल पर हूटर बजाते हुए बूम बैरियर को तोड़ दिया। इस दौरान उन्होंने बिना टोल दिए ही अपनी गाड़ियां निकाल लीं।
टोल पर तैनात कर्मचारियों ने जब रोकने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में खुर्जा निवासी टोलकर्मी लोकमान सिंह बुरी तरह जख्मी हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जमीन पर पटक कर ईंट-पत्थरों से बेरहमी से पीटा, जिससे उनका सिर फट गया और वे लहूलुहान हो गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरी दबंगई वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बम्हेटा गांव के एक व्यक्ति की स्कॉर्पियो कार को बरामद कर लिया गया है। इस मामले में कार मालिक के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।










