जलपाईगुड़ी, 11 जून।
जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज इलाके में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना मिलने पर गुरुवार को शिकारपुर पंचायत के उत्तर बंगाल फार्म के पास पुलिस ने छापेमारी कर शराब के एक बड़े अड्डे को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया है।
बेलाकोबा चौकी की पुलिस टीम ने इस अभियान में महिला पुलिसकर्मियों को भी साथ रखा था। मौके पर पहुंची टीम ने गहन तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब बनाने का सामान और कच्चा माल बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से शराब बनाने वाली छह एल्युमिनियम की भट्ठियां, दो फ्लैनल, 30 किलो गुड़, 60 लीटर तैयार चुलाई शराब और 200 लीटर फर्मेंटेड वॉश जब्त किया है। बरामद किए गए सभी सामानों और शराब को पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामले में संलिप्त संदिग्ध आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।










