जम्मू, 11 जून।
जम्मू-कश्मीर में भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) का प्रकोप जारी है। तेज धूप और उमस से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहा। वहीं, श्रीनगर में भी गर्मी का असर दिखा, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर के तापमान में भी सामान्य से 4 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई है।
मौसम में बदलाव के संकेत: मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी आने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के भी आसार हैं। तेज हवाओं और बारिश के बाद भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, जिसका जम्मू के निवासी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।









