दुबई, 11 जून।
दुबई में एमिरेट्स रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सात कर्मचारियों की पहचान कर ली गई है। शारजाह स्थित एक निर्माण कंपनी ने पुष्टि की है कि मृतकों में छह भारतीय और एक श्रीलंकाई नागरिक शामिल है। इनमें उत्तर प्रदेश के तीन और तेलंगाना के तीन युवक शामिल थे।
मृतकों में मार्कंडेय चौहान, अब्दुल रशीद और मोहम्मद साकिब उत्तर प्रदेश के निवासी थे। वहीं, सलीम सैयद, अब्दुल रफीक और तिरुपति गोल्लापल्ली तेलंगाना से थे। सातवें मृतक सैमुअल रेंगासामी श्रीलंका के रहने वाले थे। इनमें से अधिकांश कर्मचारी शादीशुदा थे और अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे थे।
यह हादसा उस समय हुआ जब कर्मचारी रविवार को काम खत्म कर मिनीबस से शारजाह लौट रहे थे। मिनीबस दुबई-शारजाह सीमा के निकट एमिरेट्स रोड पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। कंपनी के अनुसार, ये सभी श्रमिक निर्माण स्थल पर विभिन्न भूमिकाओं में कार्यरत थे।
हादसे में नौ अन्य कर्मचारी घायल भी हुए हैं, जिनका उपचार अस्पतालों में चल रहा है। इनमें से तीन कर्मचारी अभी भी इंटेंसिव केयर (आईसीयू) में हैं और दो की हालत गंभीर बनी हुई है। बाकी पांच घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए कंपनी ने एक राहत कोष की घोषणा की है। प्रत्येक मृतक के परिवार को एक लाख दिरहम की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा घायलों के उपचार, शिक्षा और परिजनों के आने-जाने के लिए भी धनराशि आवंटित की गई है।










