नई दिल्ली, 12 जून।
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के सराय काले खां क्षेत्र की ओर स्थित प्रवेश द्वार को पुनर्विकास कार्य के चलते अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद फिलहाल इस मार्ग से यात्रियों का प्रवेश और निकास नहीं हो सकेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार इस परियोजना के तहत एस्केलेटर, लिफ्ट, नई सीढ़ियां, बुकिंग कार्यालय और शौचालय जैसी सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही मौजूदा फुट ओवर ब्रिज का भी विस्तार किया जाना प्रस्तावित है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
यात्रियों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए नमो भारत स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज को रेलवे स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज से जोड़ दिया गया है। यह सुविधा मई माह से यात्रियों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराई जा चुकी है।
अब सराय काले खां की ओर से आने वाले यात्री नमो भारत स्टेशन के गेट नंबर-1 और गेट नंबर-2 के माध्यम से नए फुट ओवर ब्रिज का उपयोग करते हुए हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग अपनाने और निर्माण अवधि के दौरान सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधाजनक आवाजाही बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
गौरतलब है कि रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और बढ़ती यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए सराय काले खां क्षेत्र में दूसरे प्रवेश द्वार का पुनर्विकास किया जा रहा है। यह इलाका दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के महत्वपूर्ण इंटरचेंज केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है, जिससे रेलवे नेटवर्क और क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के बीच संपर्क और अधिक सुगम बनाया जा सकेगा।












