राजनीति
12 Jun, 2026

आस्था, विकास और सुरक्षा के दम पर आगे बढ़ रहा नया भारत : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, महिला सशक्तीकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

लखनऊ, 12 जून।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि देश आज आस्था और आर्थिकी के संतुलित संगम के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

लोकभवन में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। इसके साथ ही काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारपुरी जैसे धार्मिक स्थलों के विकास ने देश की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान नेतृत्व ने भारत की परंपराओं, आस्था और सांस्कृतिक विरासत को सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित करने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक से अधिक समय में केंद्र सरकार की योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है। जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना जैसी पहलें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें जनभागीदारी से जोड़कर जनआंदोलन का रूप दिया गया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश को भी इन योजनाओं का व्यापक लाभ मिला है। प्रदेश में लाखों परिवारों को आवास, करोड़ों लोगों को शौचालय, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है। कोविड काल में भी बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि गरीब अब केवल राजनीतिक चर्चा का विषय नहीं, बल्कि विकास प्रक्रिया का केंद्र बन चुका है।

महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदन योजना, नारी शक्ति वंदन कानून और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं ने महिलाओं को नई पहचान और अवसर दिए हैं। उत्तर प्रदेश में छात्राओं को शिक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ मिशन शक्ति अभियान और पुलिस बल में महिलाओं के लिए आरक्षण जैसे कदम भी उठाए गए हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद और सीमा पार की चुनौतियों का दृढ़ता से सामना किया है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और अन्य सैन्य अभियानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि देश नक्सलवाद मुक्त भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र में उत्पन्न परिस्थितियों के बावजूद भारत ने ऊर्जा आपूर्ति और महंगाई नियंत्रण के मोर्चे पर संतुलन बनाए रखा। उन्होंने कहा कि कठिन अंतरराष्ट्रीय हालात में भी देश के नागरिकों को आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित एनडीए के विभिन्न सहयोगी दलों के नेता और मंत्री भी मौजूद रहे।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। व्यापार व नौकरी में स्थिति अच्छी रहेगी। शुभ कार्यों का लाभदायक परिणाम होगा। कामकाज की अधिकता रहेगी। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेंगी। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 38°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़