भोपाल, 13 जून।
मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने आयोजन प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुंबई में आयोजित प्रतिष्ठित "10वें डेसेनियल एक्जीबिशन एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026" में एमपी टूरिज्म को "कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट में उत्कृष्टता" सम्मान से नवाजा गया।
सिडको एक्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में पर्यटन विकास निगम की ओर से प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ यह पुरस्कार प्राप्त किया। यह सम्मान इवेंट, एक्जीबिशन और माइस सेक्टर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।
प्रबंध संचालक यादव ने कहा कि यह उपलब्धि पर्यटन विकास निगम की प्रतिबद्ध कार्यशैली, पेशेवर दक्षता और मजबूत टीम वर्क का परिणाम है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी और उत्कृष्ट आतिथ्य सुविधाओं के कारण बड़े राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजन लगातार आकर्षित हो रहे हैं।
निगम के महाप्रबंधक इवेंट्स विवेक जूड ने बताया कि राज्य में आयोजित 20 से अधिक बड़े राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय सम्मेलनों के सफल संचालन के आधार पर यह सम्मान प्रदान किया गया है। निगम ने विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों का कुशल प्रबंधन कर अपनी क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया है।
उन्होंने बताया कि एमपी ग्रोथ समिट 2025, एमपी टेक ग्रोथ समिट 2025, रीजनल एआई इम्पैक्ट समिट 2025, रीजनल इंडस्ट्री एंड एम्प्लॉयमेंट समिट तथा मध्यप्रदेश माइनिंग कॉन्क्लेव जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों का सफल संचालन इस उपलब्धि की प्रमुख आधारशिला रहा है।
पर्यटन निगम का मानना है कि यह सम्मान केवल उसकी प्रबंधन क्षमता की पहचान नहीं है, बल्कि इससे बिजनेस टूरिज्म और सम्मेलन आधारित पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की बढ़ती पहचान को भी नई मजबूती मिली है। राज्य लगातार बड़े आयोजनों के लिए पसंदीदा गंतव्य के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है।













