नई दिल्ली, 16 जून।
दिल्ली-एनसीआर के नियोजित विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से चार नए ग्रीनफील्ड शहरों के निर्माण और दिल्ली के निकट एक आधुनिक नमो सिटी विकसित करने का फैसला लिया गया है। यह निर्णय नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड की 42वीं बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने की। बैठक में क्षेत्रीय विकास, पर्यावरण संरक्षण और परिवहन व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के बाद जानकारी देते हुए मनोहर लाल ने कहा कि रीजनल प्लान 2041 को अगले दो महीनों में अंतिम रूप देकर लागू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनसीआर की वर्तमान सीमाओं में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा। योजना के तहत प्रत्येक राज्य में एक प्रमुख शहर को ग्रीनफील्ड नमो नोड के रूप में विकसित किया जाएगा, जबकि दिल्ली के आसपास प्रस्तावित नमो सिटी को आधुनिक शहरी सुविधाओं और उन्नत आधारभूत ढांचे से सुसज्जित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एनसीआर क्षेत्र लगभग 55 हजार वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है और इसमें 32 जिले शामिल हैं। तेजी से बढ़ती आबादी और शहरीकरण को ध्यान में रखते हुए विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने के लिए नई नीतियों पर काम किया जाएगा। बैठक में अरावली संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उपायों पर भी विशेष चर्चा हुई।
प्रदूषण नियंत्रण को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सहमति बनी कि पुराने बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 वाहन चरणबद्ध तरीके से सड़कों से हटाए जाएंगे और बीएस-6 वाहनों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए परिवर्तन योजना लागू की जाएगी, जिसके तहत पुराने वाहनों को स्क्रैपिंग के लिए भेजने और नए वाहन खरीदने पर प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।
यातायात दबाव कम करने और क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेट्रो विस्तार और नमो भारत रेल नेटवर्क के विस्तार पर भी जोर दिया गया। प्रस्ताव के अनुसार एनसीआर के चार प्रमुख शहरों को नमो भारत परियोजना से जोड़ा जाएगा। इस दिशा में लगभग 5 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रावधान रखा गया है।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में एनसीआर की आबादी करीब 7.5 करोड़ है, जो अगले 15 वर्षों में दोगुनी होने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए आवास, परिवहन और बुनियादी ढांचे से जुड़ी दीर्घकालिक योजनाएं तैयार की जा रही हैं।
इस बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उत्तर प्रदेश के शहरी विकास मंत्री ए.के. शर्मा, राजस्थान के शहरी विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और शहरी नियोजन विशेषज्ञ उपस्थित रहे। मनोहर लाल ने कहा कि यह पहल आने वाले वर्षों में एनसीआर के समग्र विकास और बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।











