न्यूयॉर्क, 16 जून।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने एक सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किया है। इसमें अफगानिस्तान के तालिबान शासकों से महिलाओं पर किए जा रहे अत्याचारों और पाबंदियों को तुरंत वापस लेने की कड़ी मांग की गई है।
परिषद ने इसके साथ ही वहां सक्रिय विभिन्न समूहों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया है। इस प्रस्ताव के माध्यम से अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र के राजनीतिक मिशन का कार्यकाल अगले साल 17 जून तक बढ़ा दिया गया है।
यह मिशन अब मानवीय सहायता पहुंचाने और भेदभाव रहित स्थानीय व राष्ट्रीय सुशासन को बढ़ावा देने के लिए अधिकृत होगा। इसके अलावा, मिशन को तालिबान और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के बीच बातचीत का मार्ग प्रशस्त करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
यह कदम हेरात शहर में ड्रेस कोड के उल्लंघन के नाम पर 30 महिलाओं की हालिया गिरफ्तारी की घटनाओं के बाद उठाया गया है।










