औरैया, 16 जून।
उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद स्थित बिधूना कस्बे के अंबेडकर नगर में सोमवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ 62 वर्षीय एक वृद्ध व्यक्ति ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान राजू ड्राइवर (62 वर्ष) पुत्र जमील खान के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, राजू पिछले करीब एक दशक से एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। लगातार इलाज के बावजूद स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार न होने के कारण वे काफी समय से मानसिक तनाव में थे। सोमवार रात जब वे घर के पास स्थित एक पुराने मकान में सोने गए, तो वहां उन्होंने अपने गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह घटना का पता चलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर बिधूना कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। परिजनों ने स्पष्ट किया कि यह कदम बीमारी के कारण उत्पन्न मानसिक तनाव के चलते उठाया गया है। परिजनों की सहमति और स्थिति को देखते हुए उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी अख्तरी बेगम, एक पुत्र शादाब और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं।










