कोलकाता, 16 जून।
पश्चिम बंगाल में मानसून के प्रवेश के बाद भी राजधानी कोलकाता में बारिश की प्रतीक्षा जारी है। सोमवार को शाम के समय आसमान में बादल जरूर छाए, लेकिन बारिश न होने से शहरवासियों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राहत की उम्मीद जताई है।
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और दोपहर के बाद कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों जैसे पूर्व और पश्चिम बर्धमान, नदिया, मुर्शिदाबाद और बीरभूम में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
इसके विपरीत, उत्तर बंगाल में मानसून अधिक सक्रिय बना हुआ है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार के अनेक इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य भर में अगले कुछ दिनों में बारिश के जोर पकड़ने की उम्मीद है, जिससे गर्मी और उमस से प्रभावी राहत मिलने की संभावना है।










