नई दिल्ली, 16 जून।
अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड द्वारा संचालित भारत के दो प्रमुख हवाई अड्डों ने वैश्विक स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पेरिस स्थित यूनेस्को के मुख्यालय द्वारा दिए जाने वाले प्रतिष्ठित 'प्रिक्स वर्साय' आर्किटेक्चर एवं डिजाइन अवॉर्ड्स की वर्ष 2026 की सूची में हमारे देश के दो हवाई अड्डों को विश्व के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट के रूप में जगह मिली है।
इस सूची में नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 और गुवाहाटी स्थित लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 को शामिल किया गया है। यह वैश्विक सम्मान इस बात का प्रमाण है कि भारतीय एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर का भविष्य अत्याधुनिक, सस्टेनेबल और नवाचार से परिपूर्ण है, जो विश्व स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बना रहा है।

'प्रिक्स वर्साय' पुरस्कार मुख्य रूप से वास्तुकला की उस उत्कृष्टता को मान्यता देता है जो पारंपरिक डिजाइनों को पीछे छोड़ते हुए आधुनिकता और सांस्कृतिक धरोहर का एक अनूठा संगम प्रस्तुत करती है। नवी मुंबई एयरपोर्ट की संरचना कमल की आकृति से प्रेरित है, जो देश की आर्थिक आकांक्षाओं को दर्शाती है। वहीं, गुवाहाटी एयरपोर्ट का टर्मिनल 'बैम्बू ऑर्किड' की थीम पर आधारित है, जो क्षेत्र की जैव-विविधता का सम्मान करता है।
इन दो हवाई अड्डों के अलावा इस वैश्विक सूची में फ्रैंकफर्ट, ग्वांगझू और पिट्सबर्ग जैसे दुनिया के प्रसिद्ध एयरपोर्ट भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि नवी मुंबई एयरपोर्ट का उद्घाटन 8 अक्टूबर, 2025 को हुआ था, जो देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड परियोजना में से एक है। साल के अंत में इनमें से तीन टर्मिनल्स को 'वर्ल्ड टाइटल' से भी नवाजा जाएगा।











