गुवाहाटी, 20 जून।
असम के पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय पहचान के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। यूरोपीय संघ ने राज्य पर लागू यात्रा संबंधी पाबंदियां हटा दी हैं, जिसके बाद अब यूरोपीय संघ के सभी 27 सदस्य देशों के नागरिक असम की यात्रा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस निर्णय की जानकारी साझा करते हुए इसे राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला असम में बेहतर हुई कानून-व्यवस्था और बदली हुई सकारात्मक छवि को वैश्विक स्तर पर मिली मान्यता का परिणाम है।
मुख्यमंत्री के अनुसार यूरोपीय संघ ने असम को सुरक्षित और शांतिपूर्ण पर्यटन गंतव्य के रूप में स्वीकार किया है। इससे राज्य में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है और पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से पर्यटन के साथ-साथ व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा। राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, वन्यजीव, ऐतिहासिक धरोहर और सांस्कृतिक विविधता अब वैश्विक स्तर पर और अधिक लोगों तक पहुंच सकेगी।
डॉ. सरमा ने कहा कि यह उपलब्धि असम की अंतरराष्ट्रीय पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही इससे राज्य के पर्यटन उद्योग को नए अवसर प्राप्त होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।


















