खूंटी, 20 जून।
जिले के ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। कर्रा प्रखंड के चिद्दी गांव स्थित कोन्हप्पा टोले में शनिवार तड़के हाथियों के एक झुंड ने जमकर कोहराम मचाया, जिससे स्थानीय किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, किसान लक्ष्मण उरांव का सड़क किनारे रखा धान का ढेर हाथियों के निशाने पर आ गया। तड़के करीब तीन बजे कुत्तों के भौंकने से ग्रामीणों को हाथियों की आहट मिली, लेकिन डर के मारे किसी ने भी घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं की।
सुबह जब ग्रामीण बाहर निकले, तो देखा कि पांच क्विंटल धान पूरी तरह बर्बाद हो चुका है। हाथियों ने इसे खाकर नष्ट कर दिया, जिससे किसान को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की पुरजोर मांग की है। लोगों का कहना है कि बिजली की उचित व्यवस्था के साथ-साथ हाथियों को दूर रखने के लिए टॉर्च और पटाखों जैसे संसाधन दिए जाएं। इसके अलावा, पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की भी अपील की गई है।


















