भोपाल, 23 जून।
विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाए।
मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान राज्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान कई परियोजनाओं में देरी और कार्यों की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया।
कृष्णा गौर ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनता से जुड़े कार्य समय पर पूरे हों और उनकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए, इसके लिए अधिकारियों को नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में उन्होंने विशेष रूप से गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत परियोजनाओं की समीक्षा की। जिन कार्यों के वर्कऑर्डर जारी हो चुके हैं, उनके लिए शीघ्र भूमि पूजन कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे कराए जाएं और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न किया जाए। उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकतानुसार त्वरित निर्णय लेने पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि जनहित से जुड़े कार्यों में देरी या लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी।















