जगदलपुर, 24 जून।
बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार तारागांव निवासी भगवती सरकार और उनके पति सदानंद सरकार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 जून की रात उनके घर का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए रुद्रांचल ठाकुर ने अपने साथियों कृष्णा सेट्ठी और अविनाश स्वामी के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपितों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए आभूषण उन्होंने अपने परिचित अजय व्यापारी को सौंपे थे। बाद में इन आभूषणों को गीदम निवासी संतोष सोनी को बेच दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, गलाए गए सोने के डल्ले, 5 हजार रुपये नकद और बिना नंबर की एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 11.19 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे भी जांच जारी है।

















